झांसी। एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों के साथियों तक पहुंचने के लिए साइबर सेल ने फिर से सीज खातों की जांच की। पता लगाया कि कितनी बार और कितनी रकम इन खातों में ट्रांसफर हुई। इसके बाद किस तरह से रकम को ट्रांसफर कर निकाला गया।
पिछले माह नवाबाद, सदर बाजार व साइबर थाना टीम ने कार सवार तीन साइबर अपराधी हरिद्वार के थाना गंगनगर के सुनहरा मोहल्ला निवासी सचिन सिंह सासी, सहारनपुर के थाना देवबंद अंतर्गत कुरलकी गांव निवासी मोंटी सासी व जिला मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल अंतर्गत मोहल्ला आलमगीरपुर निवासी अर्जुन सासी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला था कि तीनों आरोपी लोगोें के एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालते थे। इसके साथ ही तीनों ऑनलाइन ठगी करने में भी माहिर थे। ठगी की रकम को चार अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर निकाल लेते थे। शनिवार को साइबर थाना टीम ने फिर से तीनों खातों की जानकारी जुटाकर जांच की। पुलिस ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई हैं। इस आधार पर और इन बदमाशों के और साथियों पर शिकंजा कसा जाएगा।