झांसी। कुछ दिनों में शुरू होने वाला सहालग सीजन साइबर ठगों के लिए नया मौका बन गया है। जालसाज व्हाट्स एप पर शादी का फर्जी कार्ड भेजकर एपीके फाइल के सहारे मोबाइल हैक कर लेते हैं। इसके बाद खाते की रकम पार कर दे रहे हैं। झांसी में इस तरह के कुछ मामले सामने आए हैं। इसे देख पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है, जिससे लोग बचाव कर सकें।
साइबर विशेषज्ञ डा. अंशुल सक्सेना ने कहा कि अगर आपके व्हाट्स एप पर किसी अनजान नंबर से शादी के कार्ड आ रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। इन्हें खोलते ही बैंक खाता के खाली होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि एपीके फाइल जैसे मालवेयर की मदद से मोबाइल हैक करके ठगी करने वाला गिरोह मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों में सक्रिय है। व्हाट्स एप नंबर और फेसबुक पर शादी के कार्ड में छिपाकर मालवेयर मोबाइल में भेज दिए जाते हैं। इसके जरिये शातिर ठगों को मोबाइल का एक्सेस मिल जाता है।
उनका कहना है कि किसी भी फाइल में अगर एपीके लिखा है, तब उसे डाउनलोड नहीं करना चाहिए। ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं। जल्द शिकायत दर्ज होने पर खाते से निकली रकम होल्ड करा दी जाती है। इससे रकम वापस मिलने की गुजांइश अधिक होती है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का कहना है कि जागरुकता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है। पुलिस की ओर से लोगों को लगातार सतर्क किया जाता है।
ठगी का शिकार होने से खुद को ऐसे बचाएं-
व्हाट्सएप के जरिये आई किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड न करें।
भेजी गई फाइल में अगर एपीके, पीआईएफ, वीबीएस फाइल लिखा हो तो उसे कतई न खोलें।
अपने फोन में एंटी मालवेयर, साफ्टवेयर सेटिंग लागू करें, इससे फोन में मालवेयर साफ्टवेयर डाउनलोड नहीं होगा।
ठगी होने पर तुरंत यह करें-
पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर।
नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस लाइन स्थित साइबर थाना में संपर्क करें।
टोल फ्री नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं
www.cybercrime.goe.in पर शिकायत करें