संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वसंत पंचमी पर सोमवार को महाकुंभ जाने के लिए ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई। शनिवार और रविवार दो दिनों में रेलवे स्टेशन से सात से आठ हजार श्रद्धालु प्रयागराज के लिए रवाना हुए। प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते रेलवे ने भी तैयारियां की हैं।
शनिवार रात प्रयागराज वाली ट्रेनों के समय रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में यात्री पहुंचे। ट्रेन आते ही लोग कोचों की ओर भागने लगे। कुछ ही समय में पूरी ट्रेन ठसाठस भर गई। जबकि, बहुत से यात्री ट्रेन चलने के बाद भी काफी दूर तक गेटों पर लटके नजर आए। बाद में किसी प्रकार अंदर पहुंचे। यह हाल रात में आने वाली लगभग सभी ट्रेनों का रहा। प्रयागराज एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस में सबसे अधिक भीड़ रही, जबकि शनिवार शाम को आने वाली सूबेदारगंज महाकुंभ स्पेशल ट्रेन में भीड़ बढ़ गई थी। ऐसा ही हाल रविवार को भी रहा।
दोपहर में आने वाली महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेन में भीड़ के कारण पैर रखने की जगह नहीं रही। वहीं, रात में आने वाली ट्रेनों के लिए शाम से ही यात्री स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गए। भीड़ बढ़ती देख रेलवे की तरफ से एनाउंस कर अनुरोध किया गया कि श्रद्धालु प्रयागराज जाने वाली किसी एक ट्रेन में एक साथ सवार न हों, बल्कि आने वाली दूसरी ट्रेनों से भी यात्रा करें, जिससे भीड़ ज्यादा न हो।
इन ट्रेनों में रही मारामारी : वसंत पंचमी पर शाही स्नान के लिए रविवार को महाकुंभ जाने वाली ट्रेनों में सुबह आठ बजे गोरखपुर कुंभ मेला स्पेशल, प्रयागराज छिंवकी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों में ढाई सौ से तीन सौ श्रद्धालु रवाना हुए। जबकि, रात में आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस एवं तुलसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में ज्यादा भीड़ रही।
-
फोटो-41
वसंत पंचमी के पहले ही पहुंचे श्रद्धालु : बहुत से श्रद्धालु वसंत पंचमी के एक दिन पहले ही महाकुंभ पहुंच गए और संगम पर परिवार व साथियों के साथ स्नान किया। कल्यानपुरा निवासी आदित्यनारायण तिवारी भी रविवार को महाकुंभ में पहुंचे और वहां आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने बताया कि वसंत पहुंची पर ज्यादा भीड़ रहती, यह सोचकर पहले ही कुंभ पहुंच गए।