- बिजली व्यवस्था भी लड़खड़ाई, पेड़ टूटकर गिरे
- एसडीएम ने कहा-फसलों का सर्वे कराया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
भंडरा / खिलारा। शनिवार को बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही तेज हवा चलने से अनेक ग्रामों की बिजली व्यवस्था भी गड़बड़ा गई है। पीड़ित किसानों ने मऊरानीपुर तहसील प्रशासन से फसलों का मौका-मुआयना कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि तेज हवा चलने से पंचमपुरा, हरपुरा में कई पेड़ गिरकर जमींदोज हो गए। इससे संपर्क मार्ग पर रविवार शाम तक आवागमन प्रभावित बना रहा। इसके अलावा ग्राम पंचमपुरा के बाहर से निकली 11 हजार हाईवोल्टेज लाइन का खंभा पेड़ गिरने से चपेट में आकर टूट गया। इस वजह से गांव में बिजली व्यवस्था बिगड़ गई। ग्रामीणों के रोजमर्रा के कामकाज भी ठप हैं।
मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत पंचमपुरा, हरपुरा, देवरीघाट, खिलारा, भंडरा, बसरिया, पठा, ढ़करवारा, मथूपुरा, चुरारा, टकटौली, मैलवारा, रौनी, नबादा, बीरा, धौर्रा आदि ग्रामों में शनिवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। राजेंद्र सिंह पटेल, मथुरा प्रसाद पटेल, नवल किशोर पटेल, जवाहरलाल पटेल, आनंद पटेल, मानवेंद्र सिंह पटेल, थान सिंह, लल्लूराम पटेल, लक्ष्मन सिंह, चंद्रबीर अहिरवार, गुलाब सिंह, सुदीप मिश्रा, रिंकू, देवेन्द्र चतुर्वेदी, धर्मेंद्र चतुर्वेदी आदि किसानों ने बताया ओले गिरने से रबी की फसलों में भारी नुकसान पहुंचा है।
शनिवार की देर शाम मऊरानीपुर उप जिलाधिकारी गोपेश तिवारी ने ग्राम चुरारा पहुंचकर किसानों से ओलावृष्टि के संबंध में जानकारी ली और खेतों पर जाकर नुकसान को देखा। साथ ही उन्होंने अन्य क्षेत्रों में लेखपालों को मौके पर भेजा। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि सोमवार को पंचमपुरा, हरपुरा सहित अन्य गांवों में जाकर वह किसानों से बात करेंगे। साथ ही खराब हुई रबी की फसलों का सर्वे कराया जाएगा।