खेत में मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप
बरुआसागर। रविवार को थाना क्षेत्र के गांव खड़ेसर में एक खेत में मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर पारीछा डैम में छोड़ दिया। ग्रामीण खेत में काम करने के लिए गए थे। उनको अचानक मगरमच्छ दिख गया। इससे आसपास के काफी लोग इकट्ठा हो गए।
बेतवा नदी किनारे बसे ग्राम खड़ेसर के एक खेत में मगरमच्छ आ गया। मगरमच्छ को खेत में घूमते देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पहले इसकी सूचना पी आर बी 384 को दी। इस पर प्रभारी वीरेंद्र कुमार दीक्षित ने मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वन विभाग की टीम को जानकारी दी गई। वन विभाग चिरगांव से क्षेत्रीय वन अधिकारी शौकत उल्ला खान, हरपाल सिंह यादव, लालाराम यादव आदि ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पारीछा डैम में छोड़ दिया।