सीपरी बाजार थाना इलाके की अयोध्या पुरी कॉलोनी में मंगलवार रात चोरों ने हाथ दिखाए। उन्होंने रिटायर्ड रेल कर्मचारी के घर से लगभग तीन लाख रुपये मूल्य की नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
ग्वालियर रोड के पास अयोध्या पुरी कॉलोनी के ब्लाक बी में रिटायर्ड रेल कर्मचारी मुन्नालाल कुशवाहा अपने बेटे चंदन कुशवाहा और परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार रात घर के सभी सदस्य सोए हुए थे। इसी दौरान रसोई के रोशनदान से चोर घर के अंदर दाखिल हो गए। जिन कमरों में घर के सदस्य सो रहे थे, चोरों ने उनकी बाहर से कुंडी लगा दी। फिर एक कमरे में रखी अलमारी और लोहे के बक्से का ताला तोड़ा। उन्होंने पचास हजार रुपये नकद और ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और उसी रास्ते से वापस निकल लिए। बुधवार सुबह घर के लोगों के जागने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। शाम को सीपरी बाजार थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।