कोतवाली थानांतर्गत बड़ागांव गेट बाहर शनिवार दोपहर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। उनके बीच में लाठी, डंडे और तलवारें चली। सिर में तलवार लगने से एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया, जिसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल को बालकदास गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया है, जिससे गैंगवार की आशंका बढ़ गई है।
पुलिस के मुताबिक बड़ागांव गेट बाहर दोपहर करीब 12 दो दबंग गुटों में वर्चस्व को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस बीच मैरी के लोगों को जान बचाकर भगाना पड़ा। करीब एक घंटे बाद मैरी से कई लोग लाठी, डंडे और तलवारें लेकर आ गए और बड़ा गांव गेट बाहर रहने वाले दबंगों पर हमला बोल दिया। दोनों तरफ से लाठी-डंडे और तलवारें चलीं। इस दौरान बड़ा गेट निवासी दम्मू ढीमर सिर पर तलवार लगने से जख्मी हो गया। इसके बाद मैरी गांव के लोग भाग निकले।
घायल को मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस घायल को डाकू बालकदास गिरोह का सक्रिय सदस्य बता रही है। पुलिस को आशंका है कि अब गैंगवार हो सकता है। कोतवाली प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि वर्चस्व और रंगबाजी में दो पक्षों में विवाद हो गया था। एनसीआर दर्ज कर ली गई है।