झांसी। शहर के प्रवेश द्वार माने जाने वाले मेडिकल कालेज के पास कानपुर बाईपास तिराहे पर निर्माणाधीन पार्क में शनिवार को 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की अष्टधातु की प्रतिमा प्लेटफार्म पर स्थापित कर दी गई है। फिलहाल, यह प्रतिमा ढंक दी गई है। पार्क का निर्माण पूर्ण होने पर इसका अनावरण किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा कानपुर बाईपास तिराहे पर पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इस पार्क में आकर्षक रंगबिरंगी लाइटिंग के बीच फव्वारे व झरने बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पार्क को फूल पौधों से सुसज्जित करने की तैयारी है। पार्क के बीचों बीच बनाए गए प्लेटफार्म पर शनिवार को रानी की अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित की गई। 14 फुट ऊंची यह प्रतिमा ग्वालियर से बनकर आई है।
प्रतिमा के निर्माण पर बाइस लाख रुपये की लागत आई है। स्थापना के बाद यह प्रतिमा ढंक दी गई है। महापौर किरण राजू बुक सेलर ने बताया कि प्रतिमा का भव्य ढंग से अनावरण किया जाएगा। इसकी तिथि अब तय नहीं है। पार्क का निर्माण पूरा होने पर प्रतिमा का अनावरण होगा।