झांसी। भैंस चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने शुक्रवार देर रात अंबावाय में पीछा कर रहे छात्र को गोली मार दी। उसे लहूलुहान हालत में छोड़ बदमाश उसकी बाइक लूट कर फरार हो गए। रास्ते से निकल रहे कार सवार तीन लोगों ने उसे उठाकर नर्सिंग होम में भर्ती कराया। सीपरी बाजार थाना पुलिस मामला रंजिश का बता रही है। हालांकि, इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।
दतिया मध्यप्रदेश के चिरूला थानांतर्गत गांव हुकुमपुर निवासी कालीचरन के पुत्र हेमंत कुमार (22) ने बताया कि वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा है, उसका 17 जुलाई को टेस्ट है। शुक्रवार की रात वह घर के पास खेत पर बने कमरे पर था। रात करीब 11 बजे महसूस हुआ कि बाड़े में बंधी भैंसों को कोई खोलकर ले गया है। जब वह कमरे से बाहर निकला तो भैंसें गायब थीं।
उसने भैंस चोरों को घेरकर पकड़ने के लिए छोटे भाई मिथुन को जगाया। वह दोनों बाइक संख्या यूपी 32 एमडी 0183 से भैंस चोरों को पकड़ने निकले। अंबावाय-गोपालपुरा मार्ग पर पहुंचकर दोनों खड़े होकर भैंस चोरों के आने का इंतजार करने लगे। तभी वहां पर दो लोग आए, जिन्होंने खड़े होने की वजह पूछी। जब हेमंत ने भैंस चोरों को पकड़ने के लिए खड़े होने की बात कही, तभी एक बदमाश ने तमंचा निकालकर पैर में गोली मार दी।
गोली लगते ही वह सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। उसके भाई ने बताया कि जब तक वह भाई को संभालता तब तक बदमाश बाइक लूटकर ले गए। कुछ देर बाद वहां से कार गुजरी, जिसमें सवार तीन लोगों ने घायल हेमंत व उसके भाई मिथुन को बैठाकर मेडिकल कालेज के पास स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर नर्सिंगहोम पहुंचे परिजन घायल को मेडिकल कालेज ले गए, जहां आईसीसीयू में भर्ती कर लिया गया।
घायल हेमंत को आशंका जताई है कि मार्शल सवार तीनों लोग गोली मारने वाले बदमाशों के साथी थे, क्योंकि गोली मारने के बाद बदमाशों ने फोन करके किसी को बुलाया था। थानाध्यक्ष सीपरी बाजार प्रवीण कुमार यादव का कहना है कि अंबावाय में युवक को गोली मारने की जानकारी शनिवार को मिली थी। किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है। जहां तक जानकारी मिली है, उससे मामला आपसी रंजिश का है।