झांसी। एक महिला ने एक अधिवक्ता और उसके दोस्त पर बलात्कार का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता ने एसएसपी को बताया कि घासमंडी निवासी एक व्यक्ति ने दिसंबर 2015 में फोन करके उसे अपने आर्य कन्या इंटर कालेज के पास स्थित दूसरे घर बुलाया, जहां डरा धमकाकर बलात्कार किया। इसके बाद वह ब्लैक मेल करने लगा। एक दिन उसके अधिवक्ता दोस्त ने भी बंदूक के बल पर बलात्कार किया। तब से दोनों उसकी इज्जत के साथ खेलते रहे। वह लोकलाज के डर से खामोश रही।
अब उसने पूरे मामले की जानकारी पति को बताने के लिए कहा तो बृहस्पतिवार को दोनों ने फोन करके उसे धमकाया। कहा कि पुलिस से शिकायत की तो पति को झूठे मुकदमे में फंसाकर जीवन बर्बाद कर देंगे। पीड़िता ने बताया कि दोनों के खिलाफ कई फौजदारी के मुकदमे दर्ज है। उनका लोगों के बीच में काफी भय व आतंक है। वह उसके परिवार के साथ कोई संगीन वारदात को घटित कर सकते हैं।
मामले की गंभीरता को देख एसएसपी मनोज तिवारी ने महिला थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से जांच करके कार्रवाई के आदेश दिए। महिला थाना प्रभारी डा. रंजना गुप्ता का कहना है कि पीड़िता से ज्यादा देर पूछताछ नहीं हो सकी है, क्योंकि वह घर पर छोटे बच्चों की देखभाल की बात कहकर चली गई। शनिवार को वह आएगी तब पूछताछ करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।