झांसी। एएसपी सिटी के नेतृत्व में सोमवार को सुबह-सुबह हुई कचहरी परिसर में चेकिंग से हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान उरई से आए एक कैदी के साथ दो पुलिस कर्मी चाय-नाश्ता करने में मशगूल मिले, तो झांसी पुलिस के तीन सिपाही अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। एएसपी सिटी ने सभी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।
सोमवार को उरई जिला कारागार में निरुद्ध शातिर वाहन चोर कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के ग्राम धरमंगतपुर निवासी शुभम सचान को पेशी पर लेकर दो सिपाही तेजसिंह व विनोद कुमार आए थे। दोनों सिपाही हथकड़ी बांधे अपराधी को लेकर कचहरी परिसर में स्थित हवालात के पास बने एक होटल पर चले गए।
वहां शुभम का पिता भी था। उसने सिपाहियों व अपने पुत्र के लिए चाय-नाश्ते का इंतजाम किया था। इसी दौरान कचहरी परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सघन चेकिंग की जाने लगी। एएसपी को जैसे ही सिपाहियों व अपराधी के होटल पर होने की जानकारी हुई, वे वहां पहुंच गए और सिपाहियों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही तत्काल अपराधी शुभम को हवालात में बंद कराया। उन्होंने दोनों सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति उरई पुलिस को कर दी।
वहीं, चेकिंग के दौरान हवालात ड्यूटी में लगाए गए लाइन के तीन सिपाही मुन्ना सिंह, अमित कुमार व उमाकांत गैर हाजिर मिले। इनके खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की गई। चेकिंग में एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसे जब्त कर सीज कर दिया गया। इस दौरान हवालात, कचहरी परिसर में संदिग्धों एवं वाहनों की चेकिंग भी की गई।
एएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग में कैदी के साथ चाय पीते मिले सिपाहियों पर कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।