झांसी। बस स्टैंड पर सोमवार की रात 50 हजार रुपये लुटने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर साधु आनंद सागर पुरी फंस गए हैं। अब पुलिस पूरे सबूत कोर्ट में पेश करके साधु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करेगी और फिर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
जौनपुर निवासी साधु आनंद सागर पुरी लंबे समय से बरुआसागर के फुटेरा मंदिर में रह रहे हैं। सोमवार की रात उन्होंने पुलिस को बताया था कि बस स्टैंड के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनसे 50 हजार रुपये लूट लिए। मंगलवार की रात नवाबाद थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया। जब पुलिस ने पड़ताल की तो मामला झूठा निकला।
पुलिस ने साधु से पूछा कि घटना स्थल से बमुश्किल 10 कदम की दूरी पर पुलिस मौजूद थी, तो तत्काल क्यों नहीं बताया? पुलिस का संदेह और गहरा गया। बृहस्पतिवार को वारदात का खुलासा करते हुए सीओ सिटी कल्याण सिंह ने बताया कि जब साधु से नवाबाद थाना प्रभारी बीएल यादव ने सख्ती से पूछताछ की तो सच सामने आ गया।
साधु ने बताया कि पुलिस को गुमराह करके कुछ रुपये प्राप्त करने की योजना के तहत उसने लूट की योजना बनाई थी। इस कारण वह रिपोर्ट दर्ज कराने की जिद पर अड़ा था। उसे लगा कि पुलिस उसे कुछ रुपये देकर मामला रफादफा करने का प्रयास करेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि अब साधु आनंद सागर के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने और पुलिस का समय बर्बाद करने की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।