झांसी। सीजेएम ने स्टे के बावजूद निर्माण कराने और विरोध पर तेजाब डालने का मुकदमा पूर्व मंत्री समेत आठ लोगों के खिलाफ दर्ज करने के आदेश कोतवाली पुलिस को कर दिए हैं।
मधुरिमा पटैरिया पत्नी राजू पटैरिया ने बताया कि 14 अप्रैल की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह जमीन पर मौजूद थीं। तभी पूर्व मंत्री रवींद्र शुक्ला आए और जमीन पर काम कराने लगे। जब उसने व पति ने रोककर कोर्ट का स्टे दिखाया तो उन्होंने मानने से इनकार कर दिया।
इस दौरान उनके गनर महीपत सिंह ने रायफल अड़ा दी। ड्राइवर अजय सिंह परमार, राजेश भट्ट, नितिन बाजपेयी, विवेक यादव व तीन अन्य भाजपा पदाधिकारी ने राजू पटैरिया को लात-घूंसों से पीटा। इतने में समीप ख़ड़े निशांत शुक्ला ने अपने भाई रुचिर शुक्ला से तेजाब डालने को कहा, जिस पर रुचिर ने तेजाब राजू के ऊपर डाल दिया।
पीड़िता ने रुचिर को धक्का दिया बावजूद इसके तेजाब पति के चेहरे पर गिर गया। वह थाने पर शिकायत करने गई, जहां पूर्व मंत्री सैकड़ों लोगों के साथ लोग मौजूद थे। 17 अप्रैल को उसने एसएसपी से शिकायत की मगर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।