कलह से तंग दंपति ने खाया जहर, मौत
- फोटो : demo
कसबा पूंछ में शनिवार की दोपहर में गृह क्लेश से तंग आकर पति-पत्नी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को मेडिकल कालेज लेकर आए, जहां इलाज के उनकी मौत हो गई।
इसहाक थाना सकरा जिला मुजफ्फरपुर निवासी तौहीद आलम (26) की कई साल से बस स्टैंड के पास पंचर और पुराने टायर की दुकान है। वह किराए के मकान पर पत्नी निशा परवीन (23) और पांच माह की बच्ची के साथ रहता था। उसका एक भाई फुले अंसारी पिरौना में दुकान करता है और वहीं रहता है। छोटा भाई राजा अंसारी भी अविवाहित है और हाईवे स्थित पंचर की दुकान पर ही रहता है। तौहीद के साथ उसकी बहन फरहद और सबसे छोटा भाई तौकीर रहते हैं। माता-पिता भी रहते थे, जो एक माह पहले बिहार चले गए। दोपहर करीब एक बजे तौहीद दुकान से घर पर खाना खाने आया तो छोटा भाई तौकीर दुकान पर चला गया। घर पर तौहीद और निशा के बीच किसी बात पर कहासुनी होने लगी, जो कुछ देर में बढ़ गई। इस दरमियान तौहीद ने जहर खा लिया। इसकी जानकारी होने पर निशा ने भी जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर निशा घर से बाहर आई और पड़ोसियों को जानकारी दी। परिजन दोनों को स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें मेडिकल कालेज रैफर कर दिया। वहां डाक्टरों ने तौहीद को मृत घोषित कर दिया और निशा का उपचार शुरू कर दिया। कुछ देर के बाद निशा ने भी दम तोड़ दिया।