सिजारी बम्होरी। लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम खंदरका में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में सिर में चोट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने ग्राम के ही दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस के अनुसार शराब के नशे में दरवाजे से टकराकर घायल होने से मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार खंदरका निवासी दीनदयाल पुत्र दली कोरी (70 वर्ष) खलिहान में बने कमरे में अकेला रहता था, जबकि पत्नी गांव में बने मकान में रहती थी। बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में दीनदयाल के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया। इलाज के बाद घर पर शुक्रवार की सुबह उसकी अचानक हालत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक की पत्नी का कहना है कि उसके यहां कोई संतान नहीं है, इसलिए उसने अपनी पुत्री के पुत्र कमलेश को गोद ले लिया था। उसने तीन बीघा जमीन कमलेश के नाम कर दी थी व तीन बीघा अपने नाम करवा ली थी।
बाकी सात बीघा जमीन पति दीनदयाल के नाम थी। यह सात बीघा जमीन ग्राम के ही दो लोगों ने दीनदयाल को खिलाने पिलाने का लालच देकर अपने नाम करवा ली थी। आरोप है कि दीनदयाल ने जमीन के पैसों की मांग की तो बुधवार की रात्रि में वह खाना देने के बहाने आए और दीनदयाल के सिर पर लाठियों से प्रहार कर घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दीनदयाल रात्रि के समय शराब के नशे में दरवाजे से टकराकर घायल हो गया था, जिससे शुक्रवार को मौत हो गई।