झांसी। आईटीआई के पीछे बने एक मकान से पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मोबाइल फोन द्वारा अश्लील क्लिपिंग दिखाते पकड़े गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मकान में पहले भी अनैतिक व्यापार का मामला पकड़ा जा चुका है।
सोमवार की शाम सीपरी बाजार थानाध्यक्ष कामता प्रसाद को सूचना मिली कि सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में आईटीआई के पीछे बने एक मकान में कुछ युवक व युवतियां अनैतिक कार्य में लिप्त हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। थानाध्यक्ष के अनुसार मकान में दो युवक अन्य लोगों को अपने मोबाइल फोन से अश्लील क्लिप दिखा रहे थे। पुलिस को देखकर अन्य लोग भाग गए, पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान युवकों ने अपने नाम इतवारी गंज निवासी वसीम व नंदनपुरा की गली नंबर 4 निवासी किशन बताया। दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार छापे के दौरान मकान में पचपन वर्षीय एक महिला मिली, जिसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि इस महिला पर पहले दो बार अनैतिक व्यापार चलाने का मुकदमा पंजीकृत किया जा चुका है।