बरुआसागर (झांसी)। बुंदेलखंड एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक ही परिवार के पांच लोग जहरखुरानी का शिकार हो गये। अचेत अवस्था में उन्हें बरुआसागर रेलवे स्टेशन पर उतार लिया गया। स्टेशन प्रशासन की लापरवाही के कारण यहां पांचों लोग चार घंटे तक पडे़ रहे। जानकारी मिलने पर पहुंचे पत्रकारों ने 108 पर फोन कर पीड़ितों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। खास बात यह रही कि एक सदस्य के होश में रहने के कारण बदमाश सामान नहीं ले जा सके।
मध्य प्रदेश के नौगांव ईशानगर के तरैया गांव निवासी गोविंद दास पुत्र गिरधारी आदिवासी फतेहपुर में मजदूरी करता है। शनिवार की रात वह परिवार के सदस्य रमेश आदि के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस से अपने घर आ रहा था। सभी लोग जनरल डिब्बे में सवार थे। परिवार के लोगों के अनुसार डिब्बे में ही बैठे एक अन्य यात्री उनसे काफी घुल मिल गया। इसके बाद उसने खाने में कुछ मिला दिया, जिसे खाकर वह लोग अचेत हो गए।
संयोग रहा कि रमेश ने रात में खाना नहीं खाया जिससे वह जागता रहा। हरपालपुर स्टेशन आने पर रमेश ने सभी को उठाया, लेकिन कोई भी नहीं उठा। इस कारण वह लोग हरपालपुर में नहीं उतर सके। वहीं रमेश के जागने के कारण बदमाश सामान भी नहीं ले जा सके।
रविवार की सुबह 7 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस बरुआसागर स्टेशन पहुँची। यहां क्रासिंग होने के कारण गाड़ी ज्यादा देर तक खड़ी रही। रमेश ने इस संबंध में अन्य यात्रियों को अवगत कराया। इसके बाद बरुआसागर में गोविन्द दास(50), कल्लो(40), माया(12), रामसखी(23) व गुड़िया(14) को ट्रेन से उतारा गया। रमेश ने ड्यूटी पर तैनात ए एस एम इमाम खान को इस संबंध में सूचना दी।
इसके बावजूद चिकित्सा व्यवस्था नहीं करायी गयी। आठ बजे ड्यूटी पर पहुँचे स्टेशन प्रबंधक आर सी मिश्रा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी को फोन किया, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। रेलवे स्टेशन पर जहरखुरानी का शिकार हुये लोगों के बेहोश पडे़ होने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुँचे स्थानीय पत्रकारों ने 108 पर फोन कर एम्बुलेंस को बुलाकर सभी को चिकित्सा हेतु मेडिकल कॉलेज भेजा।
वोट न देने पर घर में घुसकर पीटा
एरच (झांसी)। चुनाव में वोट न देने पर दबंगों द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
ग्राम गोंती निवासी दयाराम पुत्र सुखई ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि ग्राम के ही दबंगों ने उसे पंचायत चुनाव में वोट न देने पर घर में घुसकर पीटा। घर के बाहर रखे ट्रैक्टर को तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रामअवतार, अशोक कुमार आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।