बुंदेलखंड एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला का बैग चोरी चला गया। बैग में लाखों रुपये व जेवरात रखे थे। बैग गायब देख परिजनों ने हंगामा कर दिया। ट्रेन के झांसी पहुंचते ही परिजनों ने बैग बरामद करने की मांग शुरू कर दी। इसके बाद ट्रेन के चलने पर चेन पुलिंग कर रोक दी। सूचना मिलते ही जीआरपी व आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर मामले शांत कराया।
रेलवे कॉलोनी निवासी रिचा मिश्रा अपने परिवार के साथ अपनी ननद की शादी में शामिल होने के लिए बनारस गई थीं। रविवार रात वह अपने पति व भाई के साथ बनारस से बुदेलखंड एक्सप्रेस में सवार होकर झांसी लौट रही थीं। वे अपने पति के साथ एच-बी 1 की बर्थ संख्या 11 व 16 पर सवार थीं और अन्य रिश्तेदार स्लीपर कोच में थे। इलाहाबाद से ट्रेन निकलने के बाद दोनों खाना खाकर अपनी-अपनी सीट पर जाकर सो गए। महिला का आरोप है कि बांदा में आंख खुलने पर बैग सीट के नीचे थे, इसके बाद झांसी पहुुंचने से पहले जब उनकी आंख खुली तो बैग नदारद था।
बैग में आठ से लाख लाख रुपये के जेवरात व करीब सवा लाख रुपये नगद रखे हुए थे। बैग नदारद देख वे घबरा गईं। उन्होंने तत्काल अपने पति को उठाकर इसकी जानकारी दीं। इसके बाद ट्रेन में ही दोनों ने हंगामा शुरू कर दिया। झांसी पहुंचते ही उनके रिश्तेदार भी आ गए। इसके बाद सभी ने ट्रेन में ही बैग की खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच ट्रेन चलने पर परिजनों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और प्लेटफार्म पर ही हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी व आरपीएफ ने समझाकर मामला शांत कराया। परिजनों की मांग थी कि बैग बरामद कराया जाए। वह रेलवे स्टाफ से लेकर ट्रेन पर चलने वाले स्क्वायड पर भी आरोप लगा रहे थे।