बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले बीटेक के दो छात्रों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लात-घूसों से सहपाठियों की जमकर पिटाई की। इसके बाद उन्होेंने सहपाठियों के सिर पर ईंट मारकर फोड़ दिया और फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शाम करीब छह बजे की है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रहे गौरव चंद्रा और राकेश रंजन को उनके साथ पढ़ने वाले दो छात्रों ने अपने साथियों के साथ एसबीआई बैंक के पास घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई बाद में दोनों छात्रों के साथ विपक्षियों ने हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद छात्रों के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। भीड़ इकट्ठी होती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने पर कुलानुशासक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कुलानुशासक प्रो. एमएल मौर्या ने बताया कि अभी घटना का कारण नहीं पता चल सका है। आरोपी छात्र शिवाजी नगर के एक हॉस्टल में रहते हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।
कैंपस में भी हुई धक्कामुक्की
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कैफेटेरिया के पास भी दोपहर को मारपीट की वारदात हुई। बाहर से आए अराजक तत्वों ने कैंपस में पढ़ने वाले छात्रों को रोककर पीट दिया। सूत्रों ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे कैफेटेरिया के पास एक राजनीतिक पार्टी का झंडा लगी गाड़ी से उतरे आधा दर्जन अराजक तत्वों ने बीयू छात्रों को रोककर कॉलर पकड़ लिया। कहासुनी होने के बाद उन्होंने छात्रों की पिटाई कर दी और गाली-गलौज करते हुए भाग गए। हालांकि, प्रॉक्टर प्रो. एमएल मौर्या ने कैंपस में ऐसी कोई भी घटना होने से इन्कार किया है। उनका कहना है कि इस संबंध में किसी ने उनसे शिकायत नहीं की है।