झांसी। परिचयपत्र पूछने पर मंगलवार को उद्योग नगरी एक्सप्रेस के पेंट्रीकार कोच में वेंडरों ने आरपीएफ जवानों के साथ धक्की मुक्की कर दी। धक्का मुक्की में एक एएसआई का हाथ भी जख्मी हो गया। बाद में आरपीएफ ने मैनेजर समेत पांच वेंडरों को ट्रेन से उतारकर उनका रेलवे एक्ट में चालान कर दिया।
प्रतापगढ़ से लोकमान्य तिलक जाने वाली गाड़ी संख्या 12174 अप उद्योग नगरी एक्सप्रेस मंगलवार की दोपहर 12.41 बजे प्लेटफार्म एक पर आकर खड़ी हुई। आरपीएफ उपनिरीक्षक अमित कुमार मीणा अन्य जवानों के साथ ट्रेन की जांच करने लगे। उन्होंने पेंट्रीकार में पहुंचकर वेंडरों से मेडिकल कार्ड और परिचयपत्र मांगा। वेंडरों ने कहा कि उनके परिचयपत्र मैनेजर के पास हैं। मैनेजर ने बुलाकर परिचयपत्र मांगे गए तो उन्होंने दिखाने से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में तू- तू, मैं- मैं की स्थिति बन गई।
इसके बाद वेंडरों ने आरपीएफ जवानों के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। धक्कामुक्की में एएसआई जी एल यादव का हाथ जख्मी हो गया। बाद में आरपीएफ ने मैनेजर भिंड निवासी जितेंद्र सिंह, वेंडर भिंड निवासी अशोक, मुरैना निवासी राजेश श्रीवास, बाराबंकी निवासी अमर सिंह व जालौन निवासी अजय को ट्रेन से उतार लिया। आरपीएफ ने उक्त सभी आरोपियों का रेलवे एक्ट में चालान कर दिया है।