कोतवाली क्षेत्र के बीबीपुर गांव में छत पर सो रहे वकील परिवार पर बेहोशी का स्प्रे छिड़ककर चोरों ने अलमारियों के ताले और लॉकर तोड़कर आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व 60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
होश आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ ने रात में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार की सुबह कानपुर से फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
बीबीपुर गांव में अधिवक्ता उत्तम कुमार अग्रिहोत्री अपने माता-पिता और भाइयों के साथ रहते हैं। उत्तम कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम पूरा परिवार छत पर सोया था। रात में 12:30 बजे कुछ लोग छत पर चढ़े तो भाई अंकित ने देखा, लेकिन बेहोशी वाला स्प्रे छिड़कने से गहरी नींद में सो गया। चोरों ने कमरों में रखीं तीन लोहे की अलमारियों के ताले और लाकर तोड़कर आठ तोला सोने के जेवर, कपड़ों के बीच रखे करीब 60-65 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
घर में रखीं दो बंदूकें, लोहे का तार आदि सामान चोरी कर लिए। वारदात के बाद चोर घर के मुख्य दरवाजे से भाग गए। चोरों ने पड़ोसी के घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन कुत्तों के भौंकने की आवाज से जीटी रोड की ओर मक्का की फसल के रास्ते से भाग निकले। रात एक बजे होश आने पर घर की लाइटें जलते देखा, जीने से नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन कुंडी लगी होने से परिजनों को जगाया। शोर मचाने पर आए ग्रामीणों ने आकर दरवाजा खोला। रात में पहुंचे एसओ अमर पाल सिंह ने गांव में गश्त की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
मंगलवार की सुबह पुलिस टीम पहुंची। गांव कें बाहर मक्का के खेत में जेवर के बैग, डिब्बे और बंदूक पड़ी मिली। खोजी कुत्ता भी खेतों में पानी भरा होने के कारण मक्का के खेत तक ही पहुंच सका। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस कभी भी रात के समय गांव में गश्त के लिए नहीं आती। ग्राम प्रधान अमरकांती के पति सिपाही लाल ने बताया कि रात में बिजली न आने से गर्मी से लोग छतों पर सोते हैं, अंधेरे का लाभ लेकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। एसओ ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्यों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर लगातार चोरों की धरपकड़ की रणनीति बनाई जा रही है।
----------
बीबीपुर में हुई चोरी के खुलासे के बिल्हौर इंस्पेक्टर को दिशा-निर्देश दिए गए हैं, साथ ही यदि गांव में गश्ती के लिए एसआई और सिपाही भेजे गए थे, तो उन्होंने फौरन घटना की जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी। माल बरामदगी और चोरों को पकड़ने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।
- मुकेश प्रताप सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी, बिल्हौर