बसई स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक बाहर दतिया गेट रहने वाले नवीन और नजदीक में रहने वाली नीलू का शव मिलने पर बृहस्पतिवार को उनके परिवार में मातम पसर गया। नवीन रेलवे में सहायक लोको पायलट के पद पर कार्यरत था और उसने मरने से पहले परिजनों से बात भी की थी। देर शाम परिजनों ने दोनों के शवों को अंतिम संस्कार कर दिया।
बृहस्पतिवार की सुबह ललितपुर रेल सेक्शन के बसई स्टेशन के नजदीक ट्रैक के पास कोतवाली क्षेत्र के बाहर दतिया गेट स्थित नकटा चौपड़ा में रहने वाले नवीन साहू (25) पुत्र जगदीश साहू और नीलू (30) पत्नी रवि साहू का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटना की खबर जब परिजनों को दी तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पता चला है कि नवीन की नियुक्ति डेढ़ साल पहले भोपाल रेल मंडल में सहायक लोको पायलट के पद पर हुई थी। वह पिता और अन्य परिजनों के साथ नकटा चौपड़ा पर किराए के मकान में रहता था।
नौकरी लगने के बाद से ही उसके घर रिश्ते वाले आ रहे थे। मगर, वह पहले खुद का घर बनवाना चाहता था और इसी प्लानिंग में लगा हुआ था। बुधवार की शाम वह स्कूटर से घर से निकला और सुबह उसका शव बसई स्टेशन के पास पड़ा मिला। चर्चा है कि घटना से पहले नवीन ने परिजनों से मोबाइल पर बात भी की थी।
इसी तरह नीलू भी नकटा चौपड़ा पर ही रहती थी। नीलू की शादी दस साल पहले रवि के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं और उसका पति एक दुकान में कर्मचारी है। हालांकि, वे दोनों बसई कैसे पहुंचे? घटना कैसे हुई? इसको लेकर परिजन अंजान है।