इन कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से गांव में विकास कार्य ठप पड़ गया है।
सराफा कारोबारी राजू कमरया अपहरणकांड मामले में पुलिस ने कुख्यात अपराधी अजय जडेजा के घर कुर्की के नोटिस चस्पा किए हैं। साथ ही पुलिस ने डुगडुगी भी पिटवाई। गैंगेस्टर की कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी न होने के बाद पुलिस ने नोटिस चस्पा किए हैं। घटना के बाद से ही अजय जडेजा फरार चल रहा है।
गौरतलब है कि कोतवाली के डरू भौंडेला निवासी राजू कमरया व उनके साथी राहुल छोले का 12 जुलाई की रात को प्लॉट से लौटते समय आंतिया ताल के पास से चार पहिया वाहन सवार बदमाश अपहरण कर ले गए थे। 13 जुलाई को कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में लखनऊ एसटीएफ व स्वाट टीम झांसी ने आगरा के एक अपार्टमेंट से मुठभेड़ के दौरान राजू कमरया व राहुल छोला को छुड़ाया था।
इस मामले में पुलिस ने विनोद चौधरी, जितेंद्र चौधरी, लोकेंद्र चौधरी निवासी हाथरस, दीपू शर्मा, धर्मवीर सिंह, संजय चाहर निवासी आगरा, नेत्रपाल सिंह निवासी बुलंदशहर व पुलिया नंबर-9 झांसी निवासी कमलेश यादव को बंदी बनाकर उनका चालान कर दिया था। इस अपहरण कांड का मुख्य आरोपी थाना सीपरी बाजार के गांव पहलगुवां निवासी अजय जडेजा उर्फ जनक सिंह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका।
अजय जडेजा पूरे घटना का मास्टरमाइंड था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना रची थी। इसके आठ आरोपी तो पकड़ गए थे, लेकिन अजय जडेजा गिरफ्तार नहीं हो सका। बीते फरवरी माह में पुलिस ने सभी आरोपियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की थी। गैंगेस्टर मामले में सीपरी बाजार पुलिस जांच कर रही थी। गिरफ्तारी न होने के बाद सीपरी पुलिस ने आरोपी अजय जडेजा के घर पहुंचकर 82 के नोटिस चस्पा किए। साथ ही पुलिस ने पूरे इलाके में डुगडुगी भी पिटवाई।