रविवार की शाम झांसी-शिवपुरी हाईवे ट्रैंकर पलटने से उसमें भरा तेजाब सड़क पर फैल गया। इस वजह से हाईवे के एक ओर का मार्ग घंटों बंद रहा। टैंकर की चपेट में आने से मृत मजदूर राममिलन के भाई की 29 अप्रैल को शादी। जिस घर के लोग खुशियों की बारात सजाने की तैयारी कर रहे थे, अब उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में मारे गए राममिलन के बड़े भाई की 29 अप्रैल को शादी है। राममिलन अपने चार भाइयों में सबसे छोटा है। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। राममिलन की मौत की खबर पाते ही शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि राममिलन उनके बीच नहीं है।
टैंकर के बीच सड़क पर पड़े होने की वजह से यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची थाना रक्सा पुलिस ने वाहनों को बगल के रास्ते से गुजारा। घंटों यातायात की यही स्थिति बनी रही। वहीं, टैंकर से सड़क पर तेजाब फैल गया। लोगों को इससे बचकर गुजरना पड़ा। रक्सा थानाध्यक्ष मोहम्मद इमरान खान ने बताया कि आने-जाने वाली गाड़ियों को एक ही रास्ते से गुजारा जा रहा है। यातायात सामान्य हो गया है। तीन क्रेनों के जरिये टैंकर को सड़क से हटवाया जाएगा।