सीपी मिशन कंपाउंड में लाखों की चोरी
- बीमा कंपनी के रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर के घर को बनाया निशाना
- बृहस्पतिवार रात तक पुलिस ने दर्ज नहीं की थी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सीपी मिशन कंपाउंड में बुधवार की रात चोरों ने निजी बीमा कंपनी के रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर के घर से लाखों रुपये की नकदी और जेवर चुरा लिए। बृहस्पतिवार देर रात तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
सीपी मिशन कंपाउंड में निजी इंश्योरेंस कंपनी के रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर कमलेश कुचिया रहते हैं। बुधवार रात चोर उनके घर की खिड़की की ग्रिल खोलकर अंदर घुसे। सबसे पहले उस कमरे को बाहर से बंद किया, जिसमें कमलेश और उनकी पत्नी सो रहे थे। इसके बाद दूसरे कमरे में पहुंचकर उन्होंने वहां रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। कमरे में रखा मोबाइल भी चोर ले गए। सुबह करीब तीन बजे जब कमलेश शौचालय जाने के लिए उठे तो बाहर से दरवाजा बंद पाकर किसी घटना का होना भांप गए। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उन तक आवाज नहीं पहुंच सकी। बाद में जोर लगाकर किसी तरह उन्होंने दरवाजे को खोला। घर से बाहर आकर उन्होंने पड़ोसियों को जगाया और घटना की जानकारी दी।
सूचना पर डायल 100 पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। पीड़ित के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया तो उसकी रिंग बराबर जा रही थी और लोकेशन मिशन कंपाउंड में ही मिल रही थी। तलाश करने पर उनका मोबाइल बगल में खाली पड़े बाड़े में मिल गया। थानाध्यक्ष गगन गौड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।