स्टेशन से चोरी हुई स्कूटी बरामद
- पुलिस ने चोर को पकड़ा, 5 अक्टूबर को सर्कुलेटिंग क्षेत्र से की थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग क्षेत्र से चोरी गई स्कूटी जीआरपी ने बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया है। आरोपी एक साल पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
थाना सीपरी बाजार अंतर्गत आजादगंज निवासी बलदेव दास 5 अक्टूबर को रिश्तेदारों को प्लेटफार्म पर छोड़ने गए थे। वह अपनी स्कूटी सर्कुलेटिंग क्षेत्र के बाहर खड़ी कर चले गए थे। वापस लौटे तो उनकी स्कूटी नदारद थी। काफी खोजबीन के बाद पता न चलने पर जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी। सोमवार की सुबह पुलिस ने स्कूटी लेकर जा रहे चोर को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम शिवपुरी के थाना भौंती अंतर्गत मनपुरा गांव निवासी खेत सिंह उर्फ खिल्लू बताया। चोरी करने के बाद उसने स्कूटी स्टेशन के पास ही छिपा कर रख दी थी। सोमवार को वह उसे बेचने की फिराक में शिवपुरी ले जाने की तैयारी में था, इसी बीच जीआरपी ने उसे दबोच लिया। उसने बताया कि वह वाहन चोरी के मामले में वर्ष 2017 में भी जेल जा चुका है। जेल से निकलने के बाद वह फिर चोरी करने लगा।