----------
सफाई कर्मचारी से मारपीट, जाम लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
गल्ला मंडी मार्ग पर सुपर मार्केट के सामने सफाई के दौरान उड़ रही धूल से नाराज होकर सब्जी विक्रेताओं ने सफाई कर्मचारी जीतेंद्र के साथ मारपीट कर दी। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एफआईआर दर्ज करने के आश्वासन पर जाम खुल गया। थाना नबाबाद में रिजवान और सद्दाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर शुक्रवार की सुबह सुपर मार्केट के सामने सफाई हो रही थी। इससे धूल उड़ रही थी। इसको लेकर सब्जी विक्रेताओं का सफाई कर्मचारी से विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। खबर मिलने पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिया। उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। सूचना मिलने पर सीओ सिटी वीके तिवारी, थाना नबाबाद प्रभारी दीपक मिश्रा, अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राकेश बाबू समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एफआईआर का आश्वासन मिलने पर जाम खोल दिया गया। बाद में नवाबाद पुलिस ने रिजवान व सद्दाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, अखिल भारतीय स्वच्छकार एसोसिएशन ने बैठक कर हमले की निंदा की। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक प्याल ने की। प्रेमनारायण राय, बालकृष्ण गांचले, डीके पथरोड़, विकास वाल्मीकि, कुंदन लाल, रामजी शरण, ओमकार मौजूद रहे।