रंजिशन हुई थी पूर्व प्रधान की हत्या
- पुत्र की हत्या के बाद राजीनामा का बनाया जा रहा था दबाव
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ओरछा के ग्राम गुजर्रा निवासी पूर्व प्रधान मुकेश यादव की हत्या रंजिशन हुई थी। वर्ष 2011 में मुकेश यादव के पुत्र लोकेश यादव की भी हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद से मुकेश यादव पर राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ओरछा के गुजर्रा निवासी मुकेश यादव (56) शनिवार को बाइक से खेत जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने मुकेश के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान विपक्षियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वो घायल हो गए थे। हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार के दौरान मुकेश की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घटना रंजिशन है। वर्ष 2011 में मुकेश के पुत्र लोकेश यादव की हत्या कर दी थी। जिसके बाद से अदालत में मामला चल रहा था। राजीनामा को लेकर विपक्षी धमकी भी दे रहे थे। जिसके चलते राजीनामा न होने के कारण शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी।