श्रेणी - अपराध
--------------
युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, घायल
सब हेड... रक्सा थाना इलाके में हुई वारदात
- इलाके के ही कुछ लोगों पर है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
रक्सा थाना इलाके के गेवरा में गांव के ही कुछ लोगों ने एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। घायल युवक का इलाज महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में जारी है।
गेवरा निवासी रामजी यादव का पुत्र प्रदुम्न यादव गांव में अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग आए और उसके घर में घुसने लगे। इसका प्रदुम्न ने विरोध किया। इस पर विपक्षियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद विपक्षी तमंचे से हवाई फायर करते हुए भाग गए। घटना से घर में चीखपुकार मच गई। भारी संख्या में आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल युवक को इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
रक्सा थानाध्यक्ष विनोद पांडेय ने बताया कि युवक पर हमले की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।