वाहन चोर गिरफ्तार, सात गाड़ियां मिलीं
झांसी। सोमवार को स्वॉट टीम और सीपरी बाजार पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की सात गाड़ियां भी बरामद की गईं। पकड़े गए दोनों बदमाश वाहनों को मध्य प्रदेश में बेचने की तैयारी में थे। सभी वाहनों को महानगर के अलग-अलग स्थानों से चोरी किया गया था। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि सोमवार को स्वॉट टीम प्रभारी विजय कुमार पांडेय, सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक सभाजीत मिश्रा, ग्वालियर रोड चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार तिवारी व चमनगंज चौकी प्रभारी अरविंद यादव को सूचना मिली कि चोरी की स्कूटी पर सवार दो युवक निकलने वाले हैं। पुलिस ने ग्वालियर रोड स्थित शिवानी होटल के पास से स्कूटी सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। कागजात न होने व तमंचा मिलने पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस युवकों से पूछताछ कर थाने ले आई। दोनों ने बताया कि स्कूटी चोरी की है। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम थाना रक्सा के अथाई मोहल्ला निवासी रामजी और थाना सीपरी बाजार के पाडरी निवासी राजेश बताए। निशानदेही पर पुलिस ने राधास्वामी सत्संग आश्रम के पास झाड़ियों में छिपाकर रखीं चोरी की छह गाड़ियां बरामद कर लीं। पता चला है कि उक्त सभी गाड़ियों को एक-एक कर मध्य प्रदेश के जिलों में ले जाकर बेचने की तैयारी थी।