श्रेणी - अपराध
--------------
मालगाड़ी से सेना के चार बम चोरी
सब हेड... पुलगांव से पठानकोट जा रही थी ट्रेन
- झांसी में हुई घटना की जानकारी
- अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जीआरपी ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महाराष्ट्र के पुलगांव से पठानकोट जा रही मिलेट्री स्पेशल मालगाड़ी से सेना के चार बम चोरी हो गए। घटना की जानकारी झांसी में हुई। इस पर सेना की ओर से जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मिलेट्री स्पेशल मालगाड़ी शनिवार की रात बीना से चलकर रविवार की सुबह साढ़े चार बजे झांसी स्टेशन पहुंची थी। इस दौरान गाड़ी बीच में पड़ने वाले स्टेशनों पर भी रुकी। झांसी में गाड़ी के एक वैगन के दरवाजे का ताला गायब मिला। इस पर गाड़ी के साथ चल रहे सेना के दस्ते को शक हुआ। सेना ने स्टेशन मास्टर से जांच के लिए गाड़ी एक घंटे के लिए झांसी स्टेशन पर रोकने की इजाजत मांगी। यहां जगह न होने की वजह से गाड़ी को करारी रेलवे स्टेशन पर रोका गया। यहां गाड़ी के साथ सुरक्षा में चल रहे सेना के बीस जवानों ने इसकी जांच की, जिसमें खुले हुए वैगन में रखीं 563 पेटियों में से एक पेटी गायब मिली, जिसमें छत्तीस किलो वजन के चार बम रखे हुए थे। झांसी में जीआरपी थाने में घटना की रिपोर्ट सेना के जवान धर्मपाल की ओर से दर्ज कराई गई।
जीआरपी के प्रभारी इंस्पेक्टर गणेश प्रसाद ने बताया कि घटना की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।