पूराकलां क्षेत्र में कई जगह है बालू का अवैध भंडारन
तालबेहट। प्रशासन की सख्ती के बावजूद पूराकलां क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता के चलते अवैध खनन पर लगाम नहीं लग पा रही है। क्षेत्र में आज भी कई स्थानों पर सैकड़ों ट्राली अवैध बालू का भंडारण रखा है। जानकारी के बाद प्रशासन पूरी तरह से मौन साधे हुए हैं। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए डीएम मानवेंद्र सिंह की पहल पर एसडीएम आजाद भगत सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी विनोद सिंह सहित खनन अधिकारी और वन विभाग, बिक्री कर विभाग, परिवहन विभाग की टीम बना कर अवैध खनन पर रोक लगाने का ताना बाना बुना गया था। बैठक के तीन दिन बाद आज भी पूराकलां क्षेत्र में कई स्थानों पर खुले आम सैकड़ों ट्राली बालू अवैध रूप से रखी है और जानकारी के बावजूद विभागीय अधिकारी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल कर कार्रवाई करने से कतरा रहे है। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम नत्थीखेड़ा के मजरा नगलयाना में प्राईमरी विद्यालय के समीप वन विभाग की भूमि में आज भी अवैध बालू रखी है। जानकारी के बाबजूद क्षेत्र के जिम्मेदार विभागीय अधिकारी पूरी तरह से मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी, परन्तु समाचार लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी ग्रामीणों की शिकायत की सत्यता जानने तक नहीं आया था। सवाल यह है कि बैठक में अवैध रूप से रखी बालू को सीज करने के निर्देशों को पालन जब जानकारी के बाद कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा नहीं किया गया तो यह किस आधार पर खनन माफियाओं पर नकेल कसेगें।