सहरिया उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन
एसडीएम ने दिया टीम बना कर जांच का भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
तालबेहट। एकता परिषद बुंदेलखंड के तत्वाधान में विकास खंड के सहरियों ने वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा पिछले दिनों किए गए उत्पीड़न और मारपीट के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी पद्म सिंह को दिया।
मंगलवार को ग्राम झॉवर सहित अन्य गांवों से भारी संख्या में आए आदिवासियों ने तहसील परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रशासन और वन विभाग के विरोध में जमकर नारेबाजी की। बाद में डीएम के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम पद्म सिंह और सीओ विनोद सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें वन विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा दो जुलाई की रात में ग्राम झॉवर में अचानक हमला करके उनकी झोपड़ियों में आग लगाने, जातिसूचक शब्दों से गालीगलौज करते हुए महिलाओं से अभद्रता कर, जान से मारने की धमकी देने के मामले की जांच कराके समुदाय के लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के अलावा ग्राम झॉवर में वन अधिकार समिति का गठन करने, महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने, जलाई गई झोपड़ियों की क्षति पूर्ति दिलाने तथा जिले में वन समितिओं को सक्रिय करने की मांग रखी। इस मौके पर मुरारी लाल जैन, हरदयाल, हजारीलाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।
जांच कराई जाएगी: एसडीएम पद्म सिंह
तालबेहट। प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन लेते समय उपजिलाधिकारी पद्म सिंह प्रदर्शनकारियों को पूरे प्रकरण की जांच का भरोसा दिया। इसके लिए टीम में वन विभाग, पुलिस एवं राजस्व विभाग के लोगों का रखा जाएगा।