फेसबुक पोस्ट की पड़ताल करने पहुंची एसटीएफ
- मुन्ना बजरंगी के फेसबुक एकाउंट में पोस्ट की जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जेल में कैद माफिया प्रेमप्रकाश उर्फ मुन्ना बजरंगी के फेसबुक एकाउंट से हुए पोस्ट की जांच करने के लिए एसटीएफ की टीम झांसी आ गई है। टीम पता कर रही है कि फेसबुक कौन चला रहा और किसने मैसेज पोस्ट किए। पोस्ट कहां से की गई?
जौनपुर निवासी कुख्यात मुन्ना बजरंगी जिला कारागार में बंद है। मुन्ना बजरंगी के फेसबुक पेज पर हुए पोस्ट के बाद जहां सुरक्षा एजेंसियां में खलबली मची हुई है, वहीं एसटीएफ ने भी जिले में डेरा जमा लिया है। मुन्ना बजरंगी के नाम से फेसबुक पर बनी प्रोफाइल से 24 मई को किए गए पोस्ट में कहा गया था कि मैं प्रेमप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना बजरंगी आप लोगों के समक्ष एक बात रखना चाहता हूं कि जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह द्वारा धनंजय सिंह यूथ ब्रिगेड की आईडी से मेरी छवि को खराब करने का कार्य किया जा रहा है। हत्या जैसे आरोप मुझ पर लगाए जा रहे हैं। इसके पहले 20 मई और 16 मई को भी फेसबुक पर बजरंगी की फोटो के साथ संदेश पोस्ट किया गए।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही पुलिस और अन्य एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। सोमवार से ही एसटीएफ की एक टीम ने जिले में आकर डेरा जमा लिया है। टीम ने पोस्ट की हर बिंदु पर जांच शुरू कर दी है। टीम ने जेल प्रशासन से मुलाकात कर जानकारियां जुटाई हैं। सूत्रों से पता चला है कि मुन्ना बजरंगी से जेल में मिलने वालों की सूची भी एसटीएफ ने तलब की है। खुफिया जानकारियां भी जुटानी शुरू कर दी हैं। हालांकि, किसी भी अधिकारी ने इस मामले में बोलने से इंकार किया है।