छात्रा ने कॉलेज निदेशक पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
झांसी। जनपद के एक कॉलेज के निदेशक पर छात्रा ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप है कि वह तंग आकर कॉलेज छोड़ने के लिए मजबूर है। छात्रा ने एसएसपी और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति से कार्रवाई की मांग की है।
शाहजहांपुर निवासी छात्रा ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि विगत 13 मार्च को वह अपनी सहेली के साथ परीक्षा संबंधी जानकारी लेने कॉलेज पहुंची तो प्रबंधक ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए अपमानित किया।
छात्रा का आरोप है कि निदेशक के साथ-साथ उनका पुत्र, वार्डन और कॉलेज स्टाफ के हौसले बुलंद हैं। उसके साथ कॉलेज स्टाफ के दो लोग अश्लीलता तक कर चुके हैं। छात्रा ने परिजनों को अवगत कराया तो कॉलेज प्रशासन से उन्होंने शिकायत की। इसके बाद उनके साथ भी कॉलेज प्रशासन की ओर से बदसलूकी की गई। छात्रा ने एसएसपी और कुलपति से इस संबंध में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन का कहना है कि अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि, कोई मामला प्रकाश में आता है तो कार्रवाई की जाएगी।