पुलिस टीम ने कानपुर में डाला डेरा
- कारोबारी का जेवरात से भरा थैला लेकर भागने का मामला
- तीन दिन बाद भी हाथ खाली, सीसीटीवी कैमरे में हुआ था कैद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कोतवाली इलाके में सराफा बाजार की एक दुकान से कानपुर के व्यापारी का जेवरात से भरा बैग लेकर भागने वाला बालक को दबोचने के लिए पुलिस ने कानपुर में डेरा डाल लिया है। सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद होने के बाद पुलिस को बालक की फोटो भी मिल गई है। पुलिस ने वीडियो व फोटो को पड़ोसी जिलाें में शेयर कर मदद मांगी है।
उल्लेखनीय है कि कानपुर निवासी निशांत सोनी की पीएस ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रविवार की सुबह वह कार में सवार होकर कानपुर से झांसी सराफा बाजार जेवरात देने आए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे सराफा बाजार स्थित अजय आभूषण भंडार पर माल देने पहुंचे। वह दुकान पर बैठकर हिसाब करने में व्यस्त थे। इसी बीच मौका पाकर बालकर दुकान के अंदर आ गया और उनका जेवरात से भरा थैला लेकर भाग निकला। थैले में करीब एक किलो सोना रखा था। बैग नदारद देखकर सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। पूरी वारदात दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद किशोर थैला ले जाते दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन बालक का पता नहीं चल सका। अब पुलिस ने बालक को दबोचने के लिए कानपुर मेें डेरा लिया है। पुलिस को संभावना थी कि कानपुर से गिरोह व्यापारी की रैकी कर पीछे लगे थे और सराफा बाजार में मौका पाकर बालक बैग लेकर भाग निकला। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने फोटो को एकत्रित कर कई जिलों में भेजा है। साथ ही उक्त वीडियो को भी शेयर किया जा रहा है।