झांसी। किसानों से चना खरीद में फर्जीवाड़ा करने पर झांसी की अत्रि एग्रीकल्चर एंड एलाइड कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक समेत चार लोगों के खिलाफ बांदा के नरैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक सोसाइटी के केंद्र पर किसानों के फर्जी दस्तावेज लगाकर आढ़तियों से चना खरीद कर ली गई। मामले की शिकायत होने पर एसडीएम नरैनी वंदिता श्रीवास्तव ने जांच की तो सामने आया कि 328 किसानों के दस्तावेज दिखाए गए, जबकि महज 37 किसानों से खरीद की गई। सरकार ने चना मसूर की खरीद के लिए यूपीपीसीयू को अधिकृत किया था। यूपीपीसीयू ने झांसी की अत्रि एग्रीकल्चर एंड एलाइड कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड बुंदेलखंड में जिम्मेदारी दी। पुलिस का कहना है कि नरैनी में एक आढ़तियां के यहां अपना बैनर टांग कर केंद्र चल रहा था। मामले में विपणन निरीक्षक बांदा तकदीर सिंह की तहरीर पर नरैनी पुलिस ने सोसाइटी के प्रबंध निदेशक राजेंद्र सिंह ठाकुर, सोसाइटी अध्यक्ष राजीव गुप्ता, जिला प्रभारी अवधेश कुमार गुप्ता, केंद्र प्रभारी शिवपूजन गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सोसाइटी झांसी में भी दो केंद्रों के जरिए चने की खरीद कर रही है।