झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में चल रही 53वीं जेडीसीए डाॅ. वृंदावन लाल वर्मा लीग कम नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को टीआरएस क्लब और रेलवे एकादश की टीम विजेता रही। विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
पहला मैच शियर किड्स अकादमी और टीआरएस क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। मैच का शुभारंभ डॉ. आरआर सक्सेना ने किया। शियर किड्स अकादमी ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए। बल्लेबाज हिमांशु ने 45 रन का योगदान दिया। जबकि टीआरएस के गेंदबाज अवनीश सचान ने तीन, आशीष द्विवेदी और राहुल कुशवाहा ने दो-दो, राजा जायसवाल और हाफिज ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में खेलने उतरी टीआरएस क्लब की टीम ने 13.1 ओवर में दो विकेट पर 101 रन बनाकर मैच जीत लिया। बल्लेबाज आरिफ इकबाल ने 51 रन बनाए।
अवनीश सचान को प्लेयर ऑफ द मैच प्रदान किया गया। दूसरा मैच रेलवे एकादश और झांसी थंडर्स के बीच हुआ। डाॅ. संजय त्रिपाठी ने मैच का शुभारंभ किया। रेलवे एकादश की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 137 रन बनाए। बल्लेबाज हिमांशु यादव 39 और अनिल पाल ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। झांसी थंडर्स के गेंदबाज वसीम ने तीन, विनय चौधरी ने दो और विजय मिश्रा ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झांसी थंडर्स की टीम 17.1 ओवर में 98 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बल्लेबाज जयदेव खरे ने 34 रन का योगदान दिया। रेलवे एकादश के गेंदबाज मनोज रायकवार ने चार, अनिल पाल ने तीन, रोहित कुमार और रामराज मीना ने एक-एक विकेट लिया। मनोज रायकवार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। ी