संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। बुधवार को समथर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ोखरी में एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली निर्माण समेत गांव की अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। एमएलसी प्रतिनिधि ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम प्रधान अभिलाषा सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत बड़ोखरी में बड़ोखरी और सजोखरी दो गांव शामिल हैं। दोनों गांवों में श्मशान घाट नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दोनों गांवों में श्मशान घाट बनवाने की मांग की। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद आरपी निरंजन ने दोनों गांवों में श्मशान घाट बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तीन माह के अंदर बड़ोखरी और सजोखरी में श्मशान घाट का निर्माण कराया जाएगा।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह सेंगर, रवि पाल बसोबयी, विकास निरंजन, चंद्रशेखर बघेल, आशीष गुर्जर, मुदित महाटोलिया, प्रदीप टांडा, अमन बादल, राजू महंत आदि उपस्थित रहे।