प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए अंतिम दिन तीन सौ लोगों ने आवेदन किया, जिससे झांसी विकास प्राधिकरण में अब तक 2335 लोग आवास पाने के लिए आवेदन कर चुके हैं। योजना के अंतर्गत करारी में भूमि पूजन कर मकानों के निर्माण का कार्य को शुरू कर दिया है
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत जिले में खैलार, अंबाबाय, बिजौली, करारी और सिमराहा में 4288 मकानों को बनाया जाना है। खैलार में 384, अंबाबाय में 624, बिजौली में 423, करारी में 2368 व सिमराहा में 480 आवास बनाए जाने हैं। योजना के तहत मकानों को तीस वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में बनाया जाएगा। हर मकान में दो कमरे, रसोई, शौचालय और बालकनी का निर्माण होगा। करारी में मकानों के निर्माण कार्य को शुरू कर दिया गया है। अन्य जगहों पर भी जमीन को चिह्नित किया जा चुका है।
योजना में मकान की कीमत साढ़े चार लाख रुपये तय की गई है, जिसमें दो लाख रुपये लाभार्थी को अदा करना होगा व ढाई लाख रुपये सरकार द्वारा दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत मकान पाने वाले लाभार्थियों की सालाना आय तीन लाख रुपये से कम व देश में कही भी आवास नहीं होना चाहिए। योजना में लाभार्थियों से पचास-पचास हजार रुपयों की किश्तों में रुपयों को जमा कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को अंतिम तिथि होने के कारण जेडीए कार्यालय में आवेदन जमा करने वालों की भीड़ जमा रही। जेडीए सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि योजना के तहत करारी में मकानों को बनाने कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही अन्य जगहों पर निर्माण कार्य को भी शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य के पूरा होते ही लाभार्थियों को मकानों का आवंटन कर दिया जाएगा।