झांसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सीपीएमटी-2015 शहर के चार केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा से 85 अभ्यर्थियों ने दूरी बना ली।
कंबाइंड प्री- मेडिकल टेस्ट (सीपीएमटी)-2015 के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग भवन, परीक्षा भवन, आईटी एंड मैथमेटिक्स एवं विज्ञान भवन को केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा था। परीक्षा में 2450 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। सोमवार को हुई परीक्षा में 2365 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 85 ने दूरी बना ली। जानकारों ने बताया कि इस बार का पेपर भी अच्छा आया था।
अभ्यर्थियों को हल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे में खिले नजर आए। बीयू में परीक्षा के लिए आठ पर्यवेक्षक बनाए गए थे। नगर प्रतिनिधि के तौर पर कानपुर विश्वविद्यालय के प्रो. आरपी सिंह को तैनात किया गया था। सोमवार को एक पाली में सुबह नौ बजे से 11 बजे तक परीक्षा हुई। नकल विहीन परीक्षा के लिए पुलिस बल के अलावा जिला प्रशासन की ओर से दो सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे। कुलसचिव अखिलेश चंद्रा ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा पूरी हुई।