झांसी। कोरोना वायरस से लगातार झांसी में चौथी मौत हो गई है। मुहल्ले में रहने वाले व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही जिले में फिर दहाई के अंकों में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। सोमवार को 16 नए केस मिले हैं। इसमें ज्यादातर शहर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
बड़ाबाजार में कोरोना वायरस से दम तोड़ने वाली महिला के परिवार के सात और लोग कोरोना पॉजिटिव निकल आए हैं। इसमें 66 वर्षीय वृद्धा, 36, 40 व 50 वर्षीय महिला, 22 साल का युवक और 18 वर्षीय युवती शामिल है। परिवार के 19 लोगों को क्वारंटीन कर सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब भेजे गए थे, इसमें से 11 की रिपोर्ट ही निगेटिव आई। एक युवक की रविवार को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आ चुकी है। वहीं, सैंयर गेट, कोतवाली, अलीगोल खिड़की और वासुदेव मुहल्ले में रहने वाले व्यक्तियों में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सबसे खतरनाक हालात कोरोना से होने वाली मौतों के कारण उत्पन्न हो रहे हैं। झांसी में लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस के चलते एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। अब झांसी में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 17 हो गई है। वहीं, संक्रमितों की संख्या 181 हो गई है।