झांसी। सरकारी मशीनरी की ढिलाई की वजह से अभी तक शहर में चिह्नित पार्किंग स्थल चालू नहीं हो सके हैं। इस वजह से सड़क पर बेतरतीब वाहनों के खड़े होने की वजह से जाम लगने की समस्या बरकरार है।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जिला पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने संयुक्त रूप से अप्रैल में निरीक्षण किया था। इसके तहत 14 स्थानों को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया था ताकि अस्त व्यस्त ट्रैफिक दुरुस्त हो सके। जेल चौराहा, इलाइट चौराहा पर ग्वालियर रोड के दोनों तरफ, जीवन शाह गोल तिराहा के पास, रानी लक्ष्मीबाई पार्क के गेट नंबर एक, दो व तीन, मिनर्वा टाकीज की पट्टी, रानी महल, बस स्टैंड, नवीन मंडी, मऊरानीपुर तिराहा, मेडिकल कालेज के सामने, जीवनशाह - बीकेडी रोड, कुंज बिहारी मंदिर के सामने, सीएमओ कार्यालय - बीकेडी कालेज के बीच और खंडेराव गेट पर एलवीएम की पट्टी को स्टैंड व पार्किंग के लिए चुना गया था।
नगर निगम के अधिकारियों ने एक सप्ताह में चुने स्थानों पर लाइन खिंचवाने और बोर्ड लगवाने की कही थी। तय हुआ था कि पार्किंग का ठेका उठाया जाएगा ताकि वाहनों की समुचित देखभाल हो सके। दो माह गुजरने के बाद भी पार्किंग शुरू नहीं हुई। जून में इस हालात को देखकर एसएसपी मनोज तिवारी ने यातायात प्रभारी सुभाष यादव को चिह्नित स्थानों पर अपने स्तर से पार्किंग व स्टैंडों को चालू कराने के भी आदेश दिए थे, जिनका भी पालन नहीं हो सका है।
सुभाष यादव का कहना है कि अभी जीवनशाह चौराहा और जेल चौराहा पर पार्किंग शुरू करवा दी है और शीघ्र ही अन्य जगहों पर भी व्यवस्था हो जाएगी। इसके लिए नगर निगम से भी संपर्क किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह का कहना है कि पार्किंग के लिए पर्याप्त टेंडर नहीं आए थे। इस कारण विलंब हो रहा है। अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। शीघ्र ही पार्किंग चालू होंगे।