एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में समीक्षा करते नोडल अधिकारी।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। डीएम आंद्रा वामसी ने विकास भवन सभागार में प्राइवेट पैथोलॉजी लैब संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिदिन लगभग 5000 कोविड टेस्टिंग का लक्ष्य है। इस स्थिति में प्राइवेट पैथोलॉजी की सेवाएं चाहिए। लैब संचालकों को प्रशिक्षित करते हुए एंटीजन किट उपलब्ध कराई जाएंगी। लैब संचालक टेस्टिंग करते हुए निश्चित प्रारूप पर रिपोर्ट शाम तक जमा कराएं।
डीएम ने सभी प्राइवेट पैथोलॉजी लैब के संचालकों से कहा कि कोविड एंटीजन टेस्टिंग निशुल्क होगी। इस जांच का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। लैब पर निशुल्क टेस्टिंग का स्टीकर लगाया जाए। सभी मानवीय संवेदनाओं के साथ नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और इस वैश्विक महामारी में प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राइवेट पैथोलॉजी लैब की एक माह तक अनिवार्य रूप से सेवाएं चाहिए, ताकि अधिक टीम तैयार करते हुए टेस्टिंग करा सकें। उन्होंने 25 प्राइवेट नर्सिंग होम के अतिरिक्त 75 और नर्सिंग होम में एंटीजन टेस्टिंग कराए जाने के लिए एंटीजन किट उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एंटीजन टेस्ट में आईसीएमआर फ ार्म के साथ आधार कार्ड लेना अनिवार्य होगा, ताकि ट्रेसिंग में मदद मिल सके। इस मौके पर सीडीओ शैलेष कुमार, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, डॉ. सुधीर कुलश्रेष्ठ, डॉ. प्रतीक गुबरेले समेत तमाम पैथोलॉजी संचालक उपस्थित रहे।