झांसी। समथर के रहने वाले पूर्व मंत्री रणजीत सिंह जूदेव की कोरोना जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। लखनऊ में एक सप्ताह पूर्व हुई कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने पर उनकी जांच का सैंपल शनिवार को लखनऊ भेजा गया था। हालांकि, 14 दिनों तक वह घर पर ही रहेंगे।
बीते 13 और 14 मार्च को लखनऊ में आयोजित एक पूर्व सांसद की पार्टी में बॉलीवुड की सिंगर कनिका कपूर शामिल हुई थीं। उन्होंने कई लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाई। एक फोटो में वो राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के ठीक बगल में खड़ी दिख रही हैं। वसुंधरा से कुछ दूरी पर उनके बेटे सांसद दुष्यंत सिंह भी खड़े हुए हैं। इस पार्टी में देश भर से अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हुई थीं, जिसमें झांसी के समथर निवासी पूर्व मंत्री रणजीति सिंह जूदेव भी थे। इसकी जानकारी होने पर शनिवार को जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने पूर्व मंत्री के घर पहुंचकर सैंपल लिया था। रविवार को सैंपल की रिपोर्ट आ गई, जिसमें कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी अगले 14 दिनों तक पूर्व मंत्री को घर पर ही रहने की सलाह दी गई है।