झांसी। इलाहाबाद - झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान की तैयारियों को लेकर चुनाव प्रेक्षक संजय कुमार ने कमिश्नरी सभागार में नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर को मतदाताओं के लिए विशेष अवकाश मिलेगा। साथ ही कोविड संक्रमित मतदाताओं को अंतिम एक घंटे में मतदान कराया जाएगा।
चुनाव प्रेक्षक ने सभी नोडल अधिकारियों को कहा कि वह दस जनपदों झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, प्रयागराज, फतेहपुर व कौशांबी के प्रभारी अधिकारियों के संपर्क में रहे। उन्होंने कहा कि वोट डालने के लिए फोटो युक्त पहचान पत्र आवश्यक होगा, जिसमें मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, सर्विस पहचान पत्र, दिव्यांगता प्रमाण आदि है। उन्होंने बताया कि मोबाइल नंबर 9129527766 तथा दूरभाष नंबर 0510 - 2332123 पर उनसे निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है। रिटर्निंग आफिसर - मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने प्रत्येक पोलिंग पार्टी के लिए कोविड - 19 किट अवश्य उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रभारी अधिकारी कार्मिक - सीडीओ को कहा कि मतदान के लिए सभी कर्मियों को समय से प्रशिक्षण पूर्ण कराए। आयोग के निर्देशानुसार ड्यूटी लगाना सुनिश्चित करें। मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरा कराने को कहा। बैठक के बाद प्रेक्षक ने मंडलायुक्त के साथ कलक्ट्रेट स्थित कोषागार में दस जनपदों के मतपत्रों का जनपदवार आवंटन प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, अपर आयुक्त प्रशासन आरपी मिश्रा, जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, एडीएम प्रशासन बी प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम आदि मौजूद रहे।