झांसी। कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति की मौत के बाद उसके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उन लोगों की भी पहचान की जा रही है जो संक्रमित के संपर्क में आने वालों के संपर्क में आए हैं। तीन दर्जन से अधिक लोगों को आइसोलेशन में भेजा चुका है। नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
छह माह से बीमारियों से ग्रसित 63 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी सक्रियता बरत रहा है। बुजुर्ग को उसके परिजन अन्य बीमारियों का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे, लेकिन यहां कोरोना की भी पुष्टि हुई। इसके बाद से आनन फानन में बुजुर्ग के संपर्क में आए तीन दर्जन से अधिक लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया था। इनमें से तीस के नमूने भी एकत्र किए गए थे, जिनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। इतना ही नहीं, उन लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा जो बुजुर्ग के संपर्क में आने वालों के संपर्क में आए। रिपोर्ट निगेटिव आने पर सभी को घर पर एकांतवास में भेज दिया जाएगा, जबकि पॉजिटिव रिपोर्ट पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जाएगा।