ललिलितपुर। झांसी में कोरोना वायरस का दायरा बढ़ता जा रहा है। रविवार को बूढ़ा भोजला निवासी 55 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। वह एक सप्ताह पहले ही मुंबई से लौटी हैं। इसके साथ ही झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 पहुंच गई है। वहीं, ललितपुर के तालबेहट निवासी इंदौर से भागकर कोरोना संक्रमित मरीज आ गया। इसकी सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। बाद में उसे पकड़कर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया।
रविवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की कोविड लैब में हुई सैंपलों की जांच में बूढ़ा भोजला निवासी 55 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। महिला अपने भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई गई हुई थीं। 24 मई को ही वह मुंबई से लौटीं। दो-तीन दिन पहले महिला को बुखार आया तो उनका बेटा सीधे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंच गया। महिला को भर्ती करने के बाद उनका सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब भेजा गया। रविवार को आई रिपोर्ट में महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। अब महिला की कांटेक्ट हिस्ट्री खंगालकर संपर्क में आने वालों की भी कोरोना की जांच कराई जाएगी।
वहीं, ललितपुर के तालबेहट के थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम विरधा निवासी एक युवक इंदौर में मजदूरी करता था। बीमार होने पर युवक की इंदौर में ही कोरोना की जांच की गई। तीन दिन पहले वह भागकर रमेशपुरा स्थित अपनी ससुराल आ गया। इंदौर में जब उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो तलाश शुरू हुई। बाद में जब वहां के प्रशासन को पता चला की वह अपने गांव चला गया है, तो इसकी सूचना जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। जानकारी मिलते ही पूरा प्रशासन हरकत में आ गया। युवक की खोज शुरू की गई। जानकारी के बाद प्रशासनिक अधिकारी देर रात गांव पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि युवक ससुराल में है। इसके बाद अधिकारी ससुराल पहुंचे और उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। सीओ तालबेहट देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रमेशपुरा को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। एएसपी ललितपुर अवधेश कुमार विजेता ने बताया कि गांव में बैरीकेडिंग लगा दी गई है।