झांसी। दो दिन पहले रानीपुर में कोरोना संक्रमित मिले युवक का भाई भी पॉजिटिव मिला है। रविवार रात को कोविड लैब की जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसके साथ ही झांसी में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर दो पहुंच गई है। इसके साथ ही चार प्रवासी श्रमिक और एहतियातन 18 स्वास्थ्य कर्मचारियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
पांच दिन पहले कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुकी झांसी में अब फिर से यह वायरस पांव पसारने लगा है। शुक्रवार को गुरुग्राम से लौटे रानीपुर के देवरी सिंहपुरा मुहल्ला के युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। वह 14 मई को राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन से झांसी लौटा था। सांस फूलने की समस्या होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। सैंपल लेकर जांच कराने पर युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही युवक के परिजनों को पैरामेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया गया था। युवक के परिजनों का भी सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब में भेजा गया था। रविवार की रात में आई रिपोर्ट में युवक के भाई में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। अब झांसी में संक्रमितों की संख्या 32 और एक्टिव केस की संख्या बढ़कर दो पहुंच गई है।