ललितपुर में घर जाने के लिए एंबुलेंस में बैठते मरीज।
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट (ललितपुर)। कोविड एल- वन अस्पताल में अपना उपचार करा रहे कोरोना मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर बुधवार उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। दो दिन में यहां से सोलह मरीजों को ठीक होने पर उनके घर भेजा जा चुका है।
कस्बा तालबेहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल बनाया गया। 10 जुलाई से यहां मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू कर दी गई थी। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राजकीय पॉलिटेक्निक में अतिरिक्त अस्पताल बनाया गया। दोनों स्थानों पर मरीजों को भर्ती करके उपचार किया जा रहा है। पांच मरीजों की रिपोर्ट मंगलवार को निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। बुधवार को 11 और मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें भी डिस्चार्ज करके उनके घर एंबुलेंस से भिजवा दिया गया। मरीजों के कोविड अस्पताल से निकलते समय चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। चिकित्सकों ने डिस्चार्ज मरीजों को स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करने एवं सात दिन होम क्वारंटीन रहने के लिए कहा है।